AI से फोटो एडिट कर महिला को ब्लैकमेल करने का आरोप, 5 लाख रुपये मांगने वाला युवक गिरफ्तार

AI से फोटो एडिट कर महिला को ब्लैकमेल करने का आरोप, 5 लाख रुपये मांगने वाला युवक गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में AI तकनीक का इस्तेमाल कर महिला की तस्वीरें एडिट करने और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर छावनी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता साम्या खान ने छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी रविन्द्र भारती उससे 5 लाख रुपये की मांग कर रहा था। आरोप है कि रकम नहीं देने पर उसने पीड़िता के पति को जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने AI तकनीक की मदद से उसकी तस्वीरों को एडिट किया और उन्हें इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की। इसके अलावा आरोपी कथित तौर पर महिला पर अपने पति से तलाक लेने का दबाव भी बना रहा था।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान धमधा निवासी रविन्द्र भारती को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने AI तकनीक के जरिए फोटो एडिट करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।