बैलाडीला में मालगाड़ी में जोड़े दो अवैध वैगन, करोड़ों का लौह अयस्क पार
एक कर्मचारी बर्खास्त, पांच अफसरों पर कार्रवाई
दंतेवाड़ा (चैनल इंडिया)। दंतेवाड़ा स्थित बैलाडीला लौह अयस्क परिवहन में विजिलेंस जांच ने गंभीर गड़बड़ी सामने आई है। अक्टूबर 2025 में बचेली और किरंदुल लोडिंग प्लांट से 57 वैगनों की स्वीकृत मालगाड़ी रवाना हुई थी। आरोप है कि इसी रैक में चोरी-छिपे दो अतिरिक्त वैगन जोड़ दिए गए, जिनमें करोड़ों रुपए का लौह अयस्क लोड था। यह पूरा मामला एनएमडीसी और रेलवे की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है।
भांसी स्थित डिजिटल वेटमेंट सिस्टम को रेलवे की सबसे मजबूत सुरक्षा कड़ी माना जाता है। इसके बावजूद 59 वैगनों का कुल वजन सिस्टम में दर्ज 57 वैगनों से अलग नहीं पकड़ा गया। यही सबसे बड़ा तकनीकी सवाल बनकर सामने आया है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या सिस्टम में किसी स्तर पर मैनिपुलेशन या डेटा छेड़छाड़ हुई थी। जांच रिपोर्ट के अनुसार डिजिटल लॉग और भौतिक रिकॉर्ड के मिलान में गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। इसके बाद तत्काल कार्रवाई में संबंधित कर्मचारी एम. नागेश्वर राव को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। साथ ही पांच राजपत्रित अधिकारियों और तीन कर्मचारियों की पदोन्नति और वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी गई है। इस मामले में बड़ा सवाल यह है कि क्या दो अतिरिक्त वैगन का जोड़ केवल निचले स्तर पर संभव है। लोडिंग प्लांट, कमर्शियल सेक्शन, रेलवे डिस्पैच और एनएमडीसी की संयुक्त प्रक्रिया के बावजूद यह गड़बड़ी कैसे हुई, इसकी जांच जारी है। सूत्रों के अनुसार पूरे सिस्टम में मिलीभगत की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा। बैलाडीला क्षेत्र पहले से अवैध खनन और परिवहन को लेकर संवेदनशील माना जाता है। इस बार खनिज विभाग, वन विभाग और एनएमडीसी की संयुक्त टास्क फोर्स की निगरानी पर भी सवाल उठे हैं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि उन्हें एनएमडीसी से पूरी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है, इसलिए अंतिम जांच रिपोर्ट पर काम जारी है। वहीं एनएमडीसी स्तर पर मामले की आंतरिक जांच चल रही है और जल्द निष्कर्ष सामने आने की बात कही जा रही है। बैलाडीला का यह मामला केवल दो अतिरिक्त वैगन की गड़बड़ी नहीं है, बल्कि पूरे खनिज परिवहन सिस्टम की निगरानी, तकनीकी नियंत्रण और प्रशासनिक जवाबदेही पर बड़ा सवाल है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह तकनीकी चूक थी या संगठित गड़बड़ी का हिस्सा।

admin 




