90 लाख की ऑनलाइन ठगी का खुलासा: महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, सस्ता सोना दिलाने का दिया था झांसा

90 लाख की ऑनलाइन ठगी का खुलासा: महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, सस्ता सोना दिलाने का दिया था झांसा

सक्ती। जिले में 90 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर लोगों को बैंक में गिरवी रखे गए सोने को कम कीमत पर दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रेखा राठौर, जो एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थी, अपने परिचित लोगों को बैंक में गिरवी रखे गए सोने को कम दाम में उपलब्ध कराने का लालच देती थी। इसी झांसे में आकर सक्ती निवासी मूलचंद राठौर ने अलग-अलग किश्तों में आरोपियों को करीब 90 लाख रुपये का भुगतान कर दिया।

काफी समय बीतने के बाद भी न तो सोना मिला और न ही रकम वापस की गई। खुद को ठगा हुआ महसूस होने पर पीड़ित ने सक्ती पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी रेखा राठौर, अफरोज खान तथा सुभाष साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।