3 अंतरराज्यीय तस्करों से भाठागांव बस स्टैंड के पास 10 किलो गांजा जब्त, हरियाणा- यूपी के हैं आरोपी
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास कार्रवाई करते हुए 10.226 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 5.12 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक 11 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव मैदान बस स्टैंड के पास कुछ युवक गांजा लेकर बिक्री की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर डीसीपी पश्चिम संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में टिकरापारा थाना पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के तीन बैग से 10.226 किलो गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान कपिल कटारिया (26) निवासी पानीपत, हरियाणा, महेश दुबे (32) निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश और नीरज शर्मा (25) निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा थाना में अपराध क्रमांक 620/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचकर पूरे गिरोह पर कार्रवाई की जा सके।

admin 




