स्टील कंपनी में घुसकर कर्मचारियों को पीटा,फिर ट्रक चालकों से लूटपाट,6 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर (ग्रामीण)। तिल्दा-नेवरा पुलिस ने स्टील कंपनी में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और ट्रक चालकों से लूटपाट करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल कार, पल्सर बाइक, लूटा गया डीजल और नगदी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक 22 मई को काले रंग की कार और बाइक में सवार 6 युवक सरोरा स्थित संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड परिसर में जबरन घुस गए। आरोपियों ने कैंटीन कर्मचारियों और लेबर कॉलोनी के लोगों के साथ रॉड से मारपीट की तथा कैंटीन काउंटर में तोड़फोड़ कर दी।
बताया गया कि मुख्य आरोपी जयमोहन शर्मा उर्फ लक्की शर्मा ने खुद को इलाके का दबंग बताते हुए कैंटीन संचालन के बदले हर महीने पैसे और शराब के लिए रकम की मांग की। विरोध करने पर कर्मचारियों को पीटा गया।
पुलिया के पास ट्रक रोककर की लूट
इसी रात सरोरा रोड स्थित निर्माणाधीन पुलिया के पास आरोपियों ने दो ट्रकों को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद चालकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए ट्रकों के शीशे तोड़ दिए। आरोपियों ने ट्रक में रखा करीब 30 लीटर डीजल और चालक के पास मौजूद 25 हजार 500 रुपए लूट लिए और फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलते ही तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लक्की शर्मा समेत सभी 6 आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
कार, बाइक और लूट का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपए कीमत की कार, 1 लाख रुपए कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल, 30 लीटर डीजल और 12 हजार रुपए नगद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया।
admin




