पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का WhatsApp अकाउंट हैक, परिचितों से 28 हजार रुपए मांग रहे ठग

पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का WhatsApp अकाउंट हैक, परिचितों से 28 हजार रुपए मांग रहे ठग

रायपुर। कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का WhatsApp अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। हैकर उनके नाम और नंबर का इस्तेमाल कर परिचितों व समर्थकों को मैसेज भेजकर 28 हजार रुपए की मांग कर रहा है। पैसे भेजने के लिए लोगों को UPI और QR कोड भी भेजे जा रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलने के बाद बृहस्पति सिंह ने रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है।

‘तुरंत पैसों की जरूरत है’ कहकर कर रहा संपर्क

जानकारी के मुताबिक, हैकर बृहस्पति सिंह के WhatsApp नंबर से लोगों को मैसेज कर रहा है। बातचीत की शुरुआत सामान्य तौर पर “Hello” और “एक हेल्प चाहिए थी” जैसे संदेशों से की जा रही है।

जवाब मिलने के बाद हैकर तत्काल पैसों की जरूरत होने की बात कहकर 28 हजार रुपए भेजने के लिए कहता है। बताया जा रहा है कि वह यह भरोसा भी दिलाता है कि रात 8 बजे तक पूरी रकम वापस कर दी जाएगी।

इसके बाद लोगों को QR कोड भेजकर या सीधे UPI के जरिए रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा जा रहा है।

लोगों के संपर्क करने पर हुआ खुलासा

हैकर के मैसेज मिलने के बाद कुछ परिचितों ने बृहस्पति सिंह से सीधे संपर्क किया। इसके बाद उन्हें अपने WhatsApp अकाउंट के हैक होने की जानकारी मिली। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से पैसे मांगने वाले किसी भी संदेश पर भरोसा न करें और भुगतान करने से पहले फोन पर सीधे पुष्टि जरूर करें।

पुलिस ने शुरू की साइबर जांच

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम WhatsApp अकाउंट हैक किए जाने और पैसों की मांग के लिए इस्तेमाल किए जा रहे UPI व अन्य डिजिटल माध्यमों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज, QR कोड या ऑनलाइन भुगतान की मांग पर बिना पुष्टि के पैसे ट्रांसफर न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस या साइबर अपराध से संबंधित हेल्पलाइन पर शिकायत करें।

बताया गया है कि इससे पहले गरियाबंद जिले में भी भाजपा के कुछ नेताओं के WhatsApp अकाउंट हैक होने के मामले सामने आ चुके हैं।