इंस्टाग्राम पर फोटो-वीडियो वायरल कर युवती से वसूली की कोशिश, मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार
जांजगीर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए एक युवती को ब्लैकमेल कर उससे 70 हजार रुपये की मांग करने के मामले में जांजगीर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस प्रकरण में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने सिटी कोतवाली जांजगीर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे संपर्क कर दोस्ती की थी। आरोप है कि बाद में आरोपी ने विश्वास में लेकर उसके निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लिए और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करने की धमकी देने लगा।
शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने कथित तौर पर फोटो और वीडियो हटाने के बदले 70 हजार रुपये की मांग की थी। लगातार दबाव और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने पुलिस की शरण ली।
मामले की जांच के दौरान पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों तथा सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की। जांच में आरोपी की लोकेशन बिहार के रोहतास जिले में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस प्रकरण में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।

admin 




