बस्तर को मिला नया आईजी, आईपीएस बीएन मीणा संभालेंगे कमान

बस्तर को मिला नया आईजी, आईपीएस बीएन मीणा संभालेंगे कमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण पुलिस रेंज बस्तर की जिम्मेदारी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बीएन मीणा (बद्रीनारायण मीणा) को सौंपी है। बस्तर आईजी रहे आईपीएस सुंदरराज के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर जाने के बाद राज्य सरकार ने बीएन मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया है।

वर्तमान में बीएन मीणा नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) में आईजी (प्रशासन एवं चयन) के पद पर पदस्थ हैं। बस्तर जैसे नक्सल प्रभावित और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र की कमान सौंपे जाने को सरकार का उन पर भरोसा माना जा रहा है।

वर्ष 2004 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी बीएन मीणा का छत्तीसगढ़ में लंबा और व्यापक प्रशासनिक अनुभव रहा है। उन्होंने रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर और दुर्ग जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं।

अप्रैल 2022 में उन्हें पुलिस महानिरीक्षक (IG) पद पर पदोन्नत किया गया था। इसके बाद उन्होंने दुर्ग रेंज के आईजी के रूप में कार्य किया और बाद में रायपुर रेंज के आईजी की अतिरिक्त एवं पूर्णकालिक जिम्मेदारी भी संभाली। इसके अलावा वे बिलासपुर रेंज के आईजी पद का दायित्व भी निभा चुके हैं।

पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें बस्तर रेंज जैसी चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति को बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल विरोधी अभियानों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।