दुर्ग/भिलाई: जमीन खरीदी-बिक्री के नाम पर मोटा मुनाफा कमाने और साझेदारी का झांसा देकर एक व्यक्ति से 10.01 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले जमीन दलाल को दुर्ग की मोहन नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को उरला स्थित एक बहुमूल्य भूखंड दिखाकर अग्रिम राशि ऐंठ ली थी। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को अंधेरे में रखकर वही जमीन किसी तीसरे व्यक्ति को अधिक कीमत में बेच दी और राशि हड़प ली। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में संलिप्त दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
साझेदारी में जमीन खरीदने का दिया झांसा, ऐसे रची ठगी की साजिश
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांति नगर थाना वैशाली नगर निवासी पीड़ित विजय सिंह चौहान ने 14 सितंबर को मोहन नगर थाने में धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2024 में उसकी मुलाकात अजय साहू नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसने स्वयं को प्रॉपर्टी डीलिंग के व्यवसाय से जुड़ा होना बताया। इसके बाद अजय साहू ने पीड़ित का परिचय लोकेश खुल्लर और अमित साहू से कराया। आरोपियों ने पीड़ित को उरला स्थित लगभग 10,000 वर्ग फीट का एक भूखंड दिखाया और कम समय में निवेश का कई गुना लाभ होने का दावा किया। जब पीड़ित ने पूरी जमीन अकेले खरीदने में असमर्थता जताई, तो आरोपी लोकेश खुल्लर ने चालाकी दिखाते हुए आधी जमीन स्वयं खरीदने और 50-50 प्रतिशत की साझेदारी में सौदा तय करने का प्रस्ताव रखा।
सीमांकन के नाम पर देते रहे झांसा, चोरी-छिपे अन्य व्यक्ति को बेची भूमि
आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित जमीन मालिकों से मुलाकात करने के लिए तैयार हो गया, जहां 1250 रुपए प्रति वर्ग फीट की दर से सौदा तय हुआ। इसके बाद आरोपियों के निर्देश पर पीड़ित ने अमित साहू को 51,000 रुपए नकद दिए और जमीन मालिकों के नाम पर 5,00,000 रुपए तथा 4,50,000 रुपए के चेक सौंपे, जिससे कुल 10.01 लाख रुपए का भुगतान हो गया। सौदा होने के बाद जब पीड़ित ने रजिस्ट्री और सीमांकन कराने को कहा, तो आरोपी मौके पर मौजूद बिजली का खंभा हटवाने और सीमांकन का बहाना बनाकर लगातार समय टालते रहे। काफी समय बीत जाने के बाद पीड़ित को जानकारी मिली कि आरोपियों ने उक्त भूखंड की रजिस्ट्री किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर अधिक दाम में कर दी है। ठगी का अहसास होने पर जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
भिलाई से एक आरोपी गिरफ्तार, फरार साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मोहन नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी लोकेश खुल्लर उर्फ लकी (निवासी मैत्री नगर, भिलाई) की घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों अजय साहू और अमित साहू की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।