रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश के प्रमुख और मध्यम जलाशयों में इस मानसून सीजन में पानी का भंडारण पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर स्थिति में है। जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के 12 प्रमुख जलाशयों में कुल 3840.347 मिलियन घनमीटर पानी उपलब्ध है, जो उनकी कुल लाइव क्षमता का 71.71 प्रतिशत है।
पिछले वर्ष इसी अवधि में प्रमुख जलाशयों में लाइव क्षमता का 45.76 प्रतिशत पानी था। 7 जलाशयों-बांधों में पानी स्पिलवे, स्लुइस और नहर के जरिए पानी छोड़ा गया है। इनमें मिनीमाता बांगो, कोसारटेड, श्याम सरगुजा, परलकोट, झुमका, खामरपाकुट, केदार नाला में नहरों के जरिए पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा स्पिलवे से सूखा नाला बैराज से पानी छोड़ा जा रहा है।
राज्य के 34 मध्यम जलाशयों में 563.064 मिलियन घनमीटर पानी संग्रहित है, जो कुल लाइव क्षमता का 56.05 प्रतिशत है। पिछले वर्ष की तुलना में यह भी अधिक है। अब तक राज्य के महत्वपूर्ण जलाशयों में पानी का भंडारण पिछले साल की तुलना में करीब 11.91 प्रतिशत अधिक है। अच्छी बारिश के चलते जलाशयों की स्थिति में सुधार हुआ है, हालांकि कुछ जलाशयों में पानी का स्तर अभी भी अपेक्षाकृत कम है। कुछ क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से बारिश की गतिविधियां कमजोर होने की वजह से बांधों में पानी की आवक कम हो गई है। आने वाले दिनों में इसके बढऩे पर जलभराव में परिवर्तन आया है।
नाले में बहाव में बही कार पूर्व सरपंच और पत्नी लापता
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में माधोपाली पुल पार करते समय पूर्व सरपंच की कार बह गई। पूर्व सरपंच और उनकी पत्नी लापता है। मामला सिटी कोतवाली थाना का है। घटना रविवार को सारंगढ़-बारमकेला रोड पर माधोपाली गांव के पास घोघरा नाले हुआ है। घोटला बड़े के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल की कार पुल में बह गयी है। इस दौरान ड्राइवर ने कूदकर जान बचा ली लेकिन इसके बाद बाद से दोनों का पता नहीं चल सका है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार भारी बारिश के संकेत
मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के सोमवार को तट पार करने की संभावना है, जिसके चलते प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर सहित कई इलाकों में सुबह से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के उफान और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।