शेयर बाजार में होगी लिस्ट स्टेट पावर जनरेशन कंपनी : राज्य सरकार 200 करोड़ के बॉन्ड करेगी जारी

शेयर बाजार में होगी लिस्ट स्टेट पावर जनरेशन कंपनी : राज्य सरकार 200 करोड़ के बॉन्ड करेगी जारी
रायपुर (चैनल इंडिया)। साय सरकार ने राज्य की ऊर्जा अधोसंरचना को मजबूती प्रदान करने और आमजन व संस्थागत निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीजीसीएल) की शेयर बाजार में लिस्टिंग का फैसला लिया है। 
सरकार कंपनी को स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध करने के लिए दो सौ करोड़ रुपये तक के नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (एनसीडी)/बॉन्ड जारी करेगी। इसके लिए राज्य सरकार मूलधन व ब्याज भुगतान पर अपनी गारंटी प्रदान करने के साथ प्रत्याभूति शुल्क में छूट देगी। इससे राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ और बिजली उत्पादन व वितरण प्रणाली को नई रफ्तार हासिल होगी। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड चार तापीय और एक जल विद्युत संयंत्र की बदौलत कुल 2,960 एमडब्ल्यू  बिजली उत्पादन करती है। इसमें तापीय विद्युत संयंत्रों की भागीदारी 2,840 एमडब्ल्यू और जलविद्युत संयंत्र की भागीदारी 120 एमडब्ल्यू  है। 
राज्य की कुल स्थापित क्षमता में सीएसपीजीसीएल की हिस्सेदारी लगभग 11 प्रतिशत  है। शेष लगभग 89 प्रतिशत क्षमता एनटीपीसी , निजी बिजली उत्पादक कंपनियों (जैसे जिंदल, अडानी आदि) तथा अन्य उत्पादकों के पास है।यह छत्तीसगढ़ की कुल स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता लगभग 26,400 मेगावाट का लगभग 11 प्रतिशत है।