दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांवड़ यात्रा में शामिल होने गई 35 वर्षीय महिला पर पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने बैटरी में इस्तेमाल होने वाला एसिड छिड़क दिया। इस अचानक हुए हमले में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, वहीं पास खड़े दो मासूम बच्चे भी एसिड की चपेट में आकर घायल हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बातचीत बंद करने पर खुन्नस में था आरोपी
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मीना निषाद (35 वर्ष) और आरोपी महेश दास बैरागी (निवासी करंजा भिलाई) पूर्व में एक ही कंपनी में काम करते थे। करीब 6 महीने पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने काम छोड़ दिया और आरोपी से बातचीत पूरी तरह बंद कर दी। बातचीत बंद होने से बौखलाया आरोपी महिला से बदला लेने का मौका तलाश रहा था।
टिन के डिब्बे में एसिड भरकर पहुंचा था आरोपी
सोमवार को जब महिला ग्रामीणों के साथ कांवड़ यात्रा में ग्राम कोडिया पहुंची, तो आरोपी महेश दास टिन के डिब्बे में बैटरी का केमिकल (एसिड) भरकर वहां पहुंच गया। उसने अरसनारा के पास मौका पाकर महिला के ऊपर एसिड फेंक दिया। तेजाब पड़ते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिला को गंभीर हालत में तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी को गांव में घेराबंदी कर दबोचा
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महेश दास भागकर अपने गांव करंजा भिलाई में छिप गया था। सूचना मिलते ही नंदिनी नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।