BJP विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी मामले में बड़ा खुलासा: ओडिशा से शातिर आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी के मामले में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में एक शातिर आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया जा रहा है। पुलिस बुधवार सुबह पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का निजी सहायक बताकर विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन किया था। आरोपी ने बातचीत के दौरान खुद को भुवनेश्वर जाते हुए रास्ते में फंसा बताया और ड्राइवर से विवाद होने की बात कहकर तत्काल डीजल भरवाने के लिए पैसों की मांग की।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भाजपा के कई बड़े नेताओं, जिनमें नितिन नवीन के साथ तस्वीरें भी शामिल थीं, अपलोड कर रखी थीं। इसी वजह से उस पर आसानी से भरोसा हो गया। आरोपी ने पहले 4500 रुपए मांगे, लेकिन परेशानी की बात सुनकर विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से उसके खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए।
करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की। लगातार दोबारा रकम मांगने पर विधायक को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क कर संबंधित व्यक्ति की जानकारी ली। जांच में पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति कार्यालय में कार्यरत ही नहीं है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ओडिशा में ट्रेस हुई, जिसके बाद रायपुर पुलिस की टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरीके से और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से कॉल आने पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। आर्थिक लेनदेन से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान और जानकारी का सत्यापन जरूर कर लेना चाहिए।

admin 




