चाकू की नोक पर लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर हत्या समेत कई मामले दर्ज
रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आदतन अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना मौदहापारा और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी राशिद अली उर्फ राजा उर्फ बैझड़ सहित उसके एक साथी को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और लूटी गई रकम में से बची नगदी बरामद की है।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी राशिद अली उर्फ राजा उर्फ बैझड़ थाना टिकरापारा क्षेत्र का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से हत्या, आर्म्स एक्ट, चाकूबाजी और लोगों को डराने-धमकाने जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में हत्या के मामले में जेल भी जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी शेख साहिल ने थाना मौदहापारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे तालाब पार स्थित कल्लू गैराज के पास आरोपीगणों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर भयभीत किया और उसके पास रखी नगदी लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना मौदहापारा और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई। मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। जांच में राशिद अली उर्फ राजा बैझड़ का नाम सामने आया, जो पिछले कुछ समय से मौदहापारा इलाके में मस्जिद के पास एक खाली प्लॉट में रह रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का भाठागांव, बैजनाथपारा, मौदहापारा और गोलबाजार क्षेत्रों में लगातार आना-जाना था। उसके संबंध आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से भी जुड़े हुए थे। आरोपी के खिलाफ पहले से अवैध हथियार रखने और लोगों को धमकाने की शिकायतें मिलती रही थीं।
संयुक्त टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपी और उसके साथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों के मेमोरेंडम बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और लूटी गई रकम में से शेष नगदी बरामद कर ली।
रायपुर पुलिस ने कहा है कि शहर में भय और असुरक्षा का माहौल बनाने वाले हथियारबाज और आदतन अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना मौदहापारा और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

admin 





