Raipur Breaking : 1400 लीटर अवैध डीजल के साथ आरोपी गिरफ्तार,पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

Raipur Breaking : 1400 लीटर अवैध डीजल के साथ आरोपी गिरफ्तार,पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

रायपुर। खमतराई पुलिस ने अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे डीजल की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने टाटा इंट्रा वाहन से 7 बड़े लोहे के ड्रमों में भरा करीब 1400 लीटर डीजल जब्त किया है। मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया है। जब्त डीजल और वाहन की कुल कीमत करीब 6.40 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को खमतराई पुलिस टीम टाउन भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भनपुरी की ओर से खमतराई की तरफ आ रहे मेटाडोर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ डीजल ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन की घेराबंदी कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान टाटा इंट्रा क्रमांक CG04UN/7617 के पीछे 7 बड़े लोहे के ड्रम मिले। प्रत्येक ड्रम में करीब 200 लीटर डीजल भरा था। पुलिस ने कुल करीब 1400 लीटर डीजल बरामद कर वाहन समेत जब्त कर लिया।

दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक

पूछताछ में चालक ने अपना नाम विजेन्द्र सिंह यादव (50), निवासी नोनीयारीचक, जिला पटना, बिहार, हाल ग्राम भेमता, थाना तिल्दा, रायपुर बताया। डीजल के परिवहन और कब्जे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर वह प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने डीजल और वाहन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1058/2026, धारा 287 बीएनएस और धारा 3, 7 ईसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में खमतराई पुलिस ने की। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की जांच जारी है।