रायपुर अपहरणकांड के 3 आरोपी उत्तरप्रदेश में गिरफ्तार,सीसीटीवी में दिखी स्कॉर्पियो को ट्रैक कर पहुंची पुलिस
रायपुर। खमतराई क्षेत्र से एक युवक के अपहरण की सूचना मिलने के करीब 12 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले की कड़ी सुलझा ली। CCTV फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने काले रंग की UP पासिंग स्कॉर्पियो को ट्रैक किया। वाहन उत्तर प्रदेश की ओर जाते मिला तो रायपुर पुलिस ने वहां की पुलिस टीमों को अलर्ट किया। इसके बाद मिर्जापुर जिले के अहरौरा में वाहन रोककर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक डीएम टावर, रांवाभाठा निवासी अनिता राय ने 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे अपने पति प्रतीक राय के घर नहीं लौटने और मोबाइल बंद होने की सूचना खमतराई थाने में दी। पुलिस ने तत्काल आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में दोपहर करीब 2.28 बजे प्रतीक को काले रंग की स्कॉर्पियो में तीन लोग जबरदस्ती बैठाकर ले जाते दिखाई दिए।
टोल और लोकेशन से पीछा, रास्ते में नाकाबंदी
वाहन की पहचान के बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस से उसकी लगातार ट्रैकिंग शुरू की। स्कॉर्पियो के UP की ओर जाने की जानकारी मिलने पर वहां की पुलिस से संपर्क किया गया। अहरौरा पुलिस के साथ चौपन, रॉबर्ट्सगंज और रास्ते में पड़ने वाले अन्य पुलिस क्षेत्रों को वाहन की जानकारी देकर नाकाबंदी कराई गई।
रायपुर पुलिस लगातार वाहन की लोकेशन और टोल संबंधी जानकारी संबंधित टीमों से साझा करती रही। लोकेशन बदलने के साथ रास्ते में तैनात पुलिस टीमों को अपडेट किया जाता रहा।
अहरौरा में स्कॉर्पियो रोकी, तीन हिरासत में
लगातार ट्रैकिंग और नाकाबंदी के बाद अहरौरा, जिला मिर्जापुर में पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में सवार तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद के चलते प्रतीक को जबरदस्ती साथ ले जाने की बात सामने आई है। आरोपियों को रायपुर लाने के लिए पुलिस टीम UP रवाना हो चुकी है।
ये तीन आरोपी हिरासत में
अभय सिंह (28), निवासी हनुमंत नगर चौराहा, थाना हैदरगढ़, जिला बाराबंकी, उत्तर प्रदेश।
बृहस्पत देव सिंह (27), निवासी दरियावगंज, थाना सीहोर, उत्तर प्रदेश।
आदर्श सिंह (24), निवासी अलावलपुर, पोस्ट अटीहार, जिला प्रतापपुर, उत्तर प्रदेश
पुलिस कमिश्नर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने त्वरित कार्रवाई और अंतर्राज्यीय समन्वय के निर्देश दिए। DCP नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और ACP उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में खमतराई पुलिस ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल और टीम ने CCTV विश्लेषण, तकनीकी ट्रैकिंग और टोल संबंधी जानकारी जुटाने में अहम भूमिका निभाई।
admin



