हिस्ट्रीशीटर की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक हिस्ट्रीशीटर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंदरापारा में हिस्ट्रीशीटर लेखराम कोठारी की अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लेखराम कोठारी को कुछ समय पहले दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद रविवार रात कुंदरापारा में उस पर हमला किया गया। हमलावरों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका का खुलासा हो सकेगा।

admin 




