पार्षद समेत 4 गिरफ्तार : शराब पार्टी के बाद युवक की हत्या कर महानदी किनारे रेत में दफना दिए थे लाश
रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र से लापता युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक पार्षद समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक की हत्या करने के बाद शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे (35) निवासी इंदिरा कॉलोनी मंदिर हसौद, अमित राजपूत (37) निवासी श्रीराम नगर रावणभाठा मंदिर हसौद,हेमचंद बंजारे उर्फ सोनू बंजारे (28) निवासी इंदिरा कॉलोनी मंदिर हसौद औए श्रवण जांगड़े निवासी नांदगांव, जिला महासमुंद है।
इंदिरा कॉलोनी मंदिर हसौद निवासी ईश्वरी यादव ने 23 मई को अपने पति भुनेश्वर यादव (38) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया था कि 22 मई की रात भुनेश्वर यादव नोहर दास रात्रे के गोदाम से बिना बताए कहीं चला गया था और वापस नहीं लौटा।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए तीन लोगों से पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
जांच में सामने आया कि मृतक भुनेश्वर यादव,नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे, अमित राजपूत और हेमचंद बंजारे ग्राम नकटा स्थित गोदाम में शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने पर सभी कार से महासमुंद की ओर निकले। रास्ते में ग्राम बेलसोंडा के पास रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार भुनेश्वर यादव ने पार्षद नोहर रात्रे को थप्पड़ मार दिया और गाली-गलौज की। इससे नाराज होकर नोहर रात्रे, अमित राजपूत और हेमचंद बंजारे ने मिलकर भुनेश्वर यादव की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी घबरा गए और महासमुंद पहुंचकर नोहर रात्रे ने अपने मामा श्रवण जांगड़े को पूरी घटना बताई। इसके बाद चारों आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से ग्राम नांदगांव के पास महानदी किनारे रेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया।
28 मई को मंदिर हसौद पुलिस आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में शव का उत्खनन कराया गया, जहां मृतक की पहचान भुनेश्वर यादव के रूप में हुई। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया।
घटना महासमुंद थाना क्षेत्र की होने के कारण थाना महासमुंद में मर्ग कायम कर धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

admin 




