पब, बार और ढाबा संचालकों पर पुलिस की सख्ती, नियम तोड़ने पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी
रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात होटल, बार, पब, क्लब और ढाबों से निकलने वाले लोगों की हुड़दंगबाजी, शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात अव्यवस्था की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में रविवार को एसीपी सिविल लाइन और तेलीबांधा थाना प्रभारी ने होटल, बार, क्लब और ढाबा संचालकों की बैठक लेकर नियमों के पालन को लेकर कड़े निर्देश जारी किए।
बैठक में शहर के होटल, पब, बार, क्लब और ढाबा व्यवसाय से जुड़े संचालक शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय सीमा के बाद प्रतिष्ठान संचालित पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निरस्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने सभी संचालकों को निर्देश दिए कि 18 वर्ष से कम आयु के किसी भी लड़के या लड़की को क्लब, पब या बार में प्रवेश न दिया जाए। साथ ही नाबालिगों को किसी भी प्रकार का मादक पेय परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क पर वाहन खड़े नहीं करने के निर्देश भी दिए गए। ग्राहकों के वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करने के लिए कहा गया, ताकि तेलीबांधा-शंकर नगर मार्ग पर लगने वाले जाम की समस्या को कम किया जा सके।
बैठक में पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रतिष्ठान के बाहर या किसी वाहन में बैठकर कोई व्यक्ति नशा करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर वाहन जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संचालकों को अपने प्रतिष्ठान के आसपास ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
पुलिस अधिकारियों ने होटल, बार और पब लाइसेंस से संबंधित सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात नियमों या लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन की स्थिति में पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी सिविल लाइन ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और युवाओं को नशे से दूर रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन और सप्ताहांत में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह बैठक आयोजित की गई है। अब नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा और आवश्यकतानुसार चालानी एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

admin 




