बाहर जाने से रोकने पर पोते ने की दादी की हत्या, सिर पर लकड़ी से किए वार

बाहर जाने से रोकने पर पोते ने की दादी की हत्या, सिर पर लकड़ी से किए वार

बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी सतनामी पारा में एक युवक ने अपनी 65 वर्षीय दादी की कथित तौर पर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दादी के बार-बार बाहर आने-जाने से रोकने की बात से नाराज होकर पोते ने उनके सिर पर लकड़ी के खुरा से कई वार किए। वारदात के बाद आरोपी ने फोन कर अपने पिता को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका नरबद बाई कोशले पति स्वर्गीय तिरिथ राम कोशले गांव में रहती थीं। 2 नवंबर की रात करीब 10:22 बजे उनके भाई भागवत महिलांगे को उनके भांजे सजन कोशले का फोन आया। सजन ने बताया कि उसके बेटे मृत्युंजय कोशले उर्फ बब्बू ने फोन कर अपनी दादी की हत्या करने की जानकारी दी है।

आरोपी ने फोन पर बताया कि उसकी दादी उसे अक्सर बाहर आने-जाने से मना करती थीं। इसी बात से नाराज होकर उसने लकड़ी के खुरा से उनके सिर पर हमला कर दिया।

खिड़की से झांककर देखा तो खाट पर पड़ा था शव

हत्या की सूचना मिलने पर भागवत महिलांगे अपने पड़ोसियों सुनील बंजारे और सुखसागर भारद्वाज के साथ सजन कोशले के घर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने पीछे की खिड़की से अंदर देखा तो नरबद बाई खाट पर उल्टी पड़ी थीं और उनके पैर दिखाई दे रहे थे।

परिजनों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवाज देकर दरवाजा खुलवाया। अंदर जाने पर नरबद बाई खाट पर मृत अवस्था में मिलीं। उनके सिर पर गंभीर चोट थी और खून बह रहा था।

आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना पर पचपेड़ी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 72/2026 के तहत धारा 194 बीएनएसएस में मामला दर्ज कर शव पंचनामा की कार्रवाई शुरू की।

पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृत्युंजय कोशले को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।