कवर्धा के हाथमुड़ी गांव में प्रेमी जोड़े ने की आत्महत्या: पेड़ से लटका मिला दोनों का शव, इलाके में फैली सनसनी

कवर्धा के हाथमुड़ी गांव में प्रेमी जोड़े ने की आत्महत्या: पेड़ से लटका मिला दोनों का शव, इलाके में फैली सनसनी
कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम (कवर्धा) जिले के हाथमुड़ी गांव में एक प्रेमी जोड़े द्वारा आत्महत्या किए जाने का दर्दनाक मामला सामने आया है। गांव के बाहर एक पेड़ पर दोनों का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके पर पहुंचे तथा शवों को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक युवक और युवती एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और उनके बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। परिजनों से पूछताछ और आसपास के लोगों के बयानों के आधार पर पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने अभी पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।