मोबाइल टावर से 7 बैटरियां चोरी, 24 घंटे में 6 आरोपी गिरफ्तार

मोबाइल टावर से 7 बैटरियां चोरी, 24 घंटे में 6 आरोपी गिरफ्तार

सीपत। बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के नवाडीह में मोबाइल टावर के स्टोर रूम का ताला तोड़कर सात बैटरियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच पर चोरी करने और एक पर चोरी की बैटरियां खरीदने का आरोप है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

स्टोर रूम का ताला तोड़कर ले गए बैटरियां

सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के अनुसार, मध्यप्रदेश के रीवा जिले के मऊगंज निवासी अनुप पटेल (22) आईडिया कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कंपनी का मोबाइल टावर नवाडीह स्थित तिवारी चाल में है। टावर परिसर के स्टोर रूम में अमर राजा कंपनी की सात बैटरियां रखी थीं।

अज्ञात व्यक्ति रात में स्टोर रूम का ताला तोड़कर सभी बैटरियां चोरी कर ले गए थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी

चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की सातों बैटरियां झलमला निवासी अरमानुद्दीन को बेचने की बात बताई।

इसके बाद पुलिस ने चोरी के आरोप में प्रमोद पटेल, संतोष सिदार, मन्नू सिंह चौहान उर्फ लक्ष्मण सिंह, राजेंद्र यादव और देवी प्रसाद यादव को गिरफ्तार किया। वहीं, कथित तौर पर चोरी की बैटरियां खरीदने के आरोप में अरमानुद्दीन को भी गिरफ्तार किया गया।

ये छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में नवाडीह, सीपत निवासी प्रमोद पटेल (45), संतोष सिदार (55), मन्नू सिंह चौहान उर्फ लक्ष्मण सिंह (50), राजेंद्र यादव उर्फ सुखदेव यादव (40), देवी प्रसाद यादव (30) और झलमला निवासी अरमानुद्दीन (42) शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।