सिद्ध हनुमान मंदिर में चोरी, दानपेटियों से नकदी पार; चांदी के मुकुट को नहीं छुआ
कोरबा। शहर के कोसाबाड़ी स्थित प्रसिद्ध सिद्ध हनुमान मंदिर में चोरों ने दानपेटियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर मंदिर में रखे चांदी के मुकुट और अन्य कीमती सामान को हाथ तक नहीं लगाया। उन्होंने हनुमान जी के सामने रखी दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली, जबकि देवी प्रतिमा के सामने रखी दूसरी दानपेटी ही उठाकर ले गए। पुलिस डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के वन विभाग आवासीय परिसर की है। यहां स्थित सिद्ध हनुमान मंदिर के पीछे पुजारी सौरभ मिश्रा का निवास है। पुजारी सोमवार रात रोजाना की तरह मंदिर का पट बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार तड़के जब वे पूजा के लिए मंदिर पहुंचे और ताला खोलकर अंदर गए, तो वहां सामान अस्त-व्यस्त मिला। मंदिर का एक साइड दरवाजा भी खुला हुआ था।
लोहे की पटरी तोड़कर भागने की आशंका
मंदिर के साइड दरवाजे को अंदर से बंद रखने के लिए लोहे की पटरी लगाई गई थी। चोरों ने इसे तोड़ दिया था। इसके बाद पीछे की ओर झाड़ियों तक जाने का रास्ता खुल गया। आशंका है कि चोरी के बाद आरोपी इसी रास्ते से फरार हुए होंगे।
पुजारी सौरभ मिश्रा के मुताबिक, दानपेटी को आखिरी बार चैत्र नवरात्र के दौरान खोला गया था। ऐसे में उसमें 60 हजार रुपये से अधिक की नकदी होने की संभावना है। हालांकि, चोरी गई रकम का वास्तविक आकलन दानपेटी की जांच के बाद ही हो सकेगा।
मंदिर में पहले से छिपे होने की आशंका
घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि चोर पहले से ही मंदिर के भीतर मौजूद रहा होगा। बताया जा रहा है कि मंदिर में दरी से ढंकी कुर्सी के नीचे छिपकर उसने मौका मिलने का इंतजार किया होगा। इसके बाद दानपेटी से नकदी निकालकर दूसरी दानपेटी उठाई और साइड दरवाजे की लोहे की पटरी तोड़कर बाहर निकल गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल और आसपास के इलाके में आरोपियों के सुराग तलाशे जा रहे हैं।
admin





