कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर आज से, कल राहुल देंगे जिला अध्यक्षों ट्रेनिंग

कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर आज से, कल राहुल देंगे जिला अध्यक्षों ट्रेनिंग
रायपुर (चैनल इंडिया)। अभनपुर स्थित मंगल भवन में आज से 29 जून तक कांग्रेस का 10 दिवसीय आवासीय डीसीसी संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। इस शिविर में राहुल गांधी जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने शिविर की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व विधायक धनेंद्र साहू समेत अन्य नेता मौजूद थे। 
राहुल गांधी 21 जून को दोपहर दो बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 2:45 बजे सीधे अभनपुर स्थित प्रशिक्षण स्थल के लिए रवाना होंगे। शाम 5:30 बजे तक जिला अध्यक्षों को संगठन, फील्ड विजिट और सामाजिक-राजनैतिक एक्टिविटी पर ट्रेनिंग देंगे। ट्रेनिंग के बाद 6:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। यानी राहुल गांधी 4 घंटे 40 मिनट छत्तीसगढ़ में रहेंगे।
संगठन सृजन अभियान को नई गति प्रदान करने और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही है। दीपक बैज ने प्रशिक्षण शिविर के सफल आयोजन के लिए आवास, भोजन, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए आयोजन स्थल पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।