फर्नेस में जलाकर नष्ट किए गए 438 किलोग्राम से अधिक गांजा समेत 77 केस में जब्त नशीले पदार्थ

फर्नेस में जलाकर नष्ट किए गए 438 किलोग्राम से अधिक गांजा समेत 77 केस में जब्त नशीले पदार्थ

रायपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 77 NDPS प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। नॉर्थ, सेंट्रल और वेस्ट जोन में जब्त 438.764 किलो गांजा, 7.795 किलो डोडा, 1.015 किलो हशीश और 900 ग्राम अफीम समेत अन्य मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत इंडस्ट्रियल फर्नेस में जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक गांजे की अनुमानित कीमत 2.15 करोड़ रुपए से अधिक है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई। जब्त सामग्री को नष्ट करने के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रक्रिया का पालन किया गया।

*तीन जोन में सबसे ज्यादा 207.919 किलो गांजा वेस्ट जोन से*

सेंट्रल जोन: 37 प्रकरणों में 143.895 किलो गांजा, 2,349 टेबलेट, 9 सिरप और 228 कैप्सूल।

नॉर्थ जोन: 19 प्रकरणों में 86.950 किलो गांजा, 1.015 किलो हशीश, 19,794 टेबलेट, 294 नग खांसी की दवा, 900 ग्राम अफीम और 647 कैप्सूल।

वेस्ट जोन: 21 प्रकरणों में 207.919 किलो गांजा, 7.795 किलो डोडा और 3,630 टेबलेट।

इस तरह तीनों जोन के 77 मामलों में 438.764 किलो गांजा सहित बड़ी मात्रा में अलग-अलग मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया।

पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के साथ जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित और विधिसम्मत डिस्पोजल की प्रक्रिया भी लगातार जारी है। पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए निगरानी और वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।