वॉश एंड वॉश ठगी : अंतरराज्यीय गिरोह के 2 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 11 पुलिस की गिरफ्त में
रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के चर्चित वॉश एंड वॉश/ब्लैक करेंसी स्कैम में रायपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या अब 11 हो गई है। पुलिस पहले 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में पुलिस ने 4 करोड़ रुपए से अधिक की नगदी समेत मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, काले कागज और अन्य सामग्री जब्त की थी।
पुलिस के मुताबिक तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 330/26, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और उनमें मौजूद डिजिटल सामग्री का तकनीकी परीक्षण भी किया। जांच में सामने आए डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (39) और दीपक सिंह (46) की संलिप्तता की जानकारी मिली।
डिजिटल साक्ष्यों से मिली दोनों आरोपियों की जानकारी
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के आपसी संपर्क और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसके बाद तकनीकी निगरानी के जरिए दोनों को लोकेट कर गिरफ्तार किया गया। दोनों से ठगी के मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ की गई है।
पहले 9 आरोपी पकड़े जा चुके हैं
इस मामले में पुलिस पहले कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय, दीपिका पॉलीवाल, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन उर्फ शेट्टी उर्फ रेड्डी, मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, विवेक सिंह, शुभम पांडेय, योगेन्द्र चौहान और बालमुकुंद दीक्षित को गिरफ्तार कर चुकी है।
इनके कब्जे से 4 करोड़ रुपए से अधिक नगद, 20 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नोट के आकार के काले पेपर, कांच की प्लेटें, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त की गई थी। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4 करोड़ 2 लाख रुपए बताई गई है।
एसीसीयू और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश और तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दोनों नए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
admin



