छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच जल विवाद का बहुत जल्द समाधान : विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच जल विवाद का बहुत जल्द समाधान : विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से की सौजन्य भेंट

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज ओडिशा प्रवास के दौरान भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री माझी ने सीएम साय का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आपसी सहयोग, विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा पड़ोसी राज्य होने के साथ ही सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच भी आत्मीय संबंध हैं। विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से नागरिकों को लाभ मिलने के साथ ही पूरे क्षेत्र की प्रगति को भी नई गति मिलेगी।

मीडिया से चर्चा के दौरान सीएम साय ने कहा कि महानदी जल विवाद का अब कोई मामला नहीं है, चूंकि दोनों प्रदेशों में भाजपा की सरकार है। छत्तीसगढ़ में भी, ओडिशा में भी और केंद्र में भी एनडीए की भाजपा सरकार है। इसलिए कहीं कोई विवाद की स्थिति नहीं है और बहुत जल्दी इसका निपटारा होने वाला है।