सीसीपीएल-3 : मोहित की हैट्रिक,विकल्प की फिफ्टी,बस्तर को 7 विकेट से हराकर फाइनल में पहुंची बिलासपुर
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल-3) के पहले सेमीफाइनल में बिलासपुर बुल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बस्तर बायसंस को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों ने दमदार खेल दिखाया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बिलासपुर बुल्स की टीम ने बस्तर बायसंस को 18.2 ओवर में महज 112 रन पर समेट दिया। बस्तर की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए। इसके बाद भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके।

बस्तर बायसंस की ओर से अब्दुल अनस खान ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि अमय मोरे ने 19 रन का योगदान दिया। बिलासपुर की गेंदबाजी में मोहित राउत और रुद्र प्रताप देहारी ने 3-3 विकेट झटके। मोहित राउत ने मैच में शानदार हैट्रिक लेकर मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया।

विकल्प की अर्धशतकीय पारी से आसान हुई राह
113 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स ने 15.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत के नायक विकल्प तिवारी रहे, जिन्होंने नाबाद 53 रन की मैच विजयी पारी खेली। उनके अलावा अभिजीत ताह ने 22 और आयुष पांडेय ने 21 रन बनाए। बस्तर बायसंस की ओर से देव आदित्य सिंह ने 2 विकेट लिए, लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सके।

दूसरी बार फाइनल में पहुंची बिलासपुर बुल्स
इस जीत के साथ बिलासपुर बुल्स ने सीसीपीएल के इतिहास में दूसरी बार फाइनल में प्रवेश किया है। टीम ने पूरे मैच में एकतरफा दबदबा बनाए रखा और बस्तर बायसंस को वापसी का मौका नहीं दिया।

प्लेयर ऑफ द मैच
बिलासपुर के तेज गेंदबाज मोहित राउत को उनकी घातक गेंदबाजी और शानदार हैट्रिक के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी गेंदबाजी ने बस्तर की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और टीम की जीत की नींव रखी।

admin 




