आरसीबी की बादशाहत बरकरार : विराट कोहली की विजयी पारी से लगातार दूसरी बार बनी चैंपियन

आरसीबी की बादशाहत बरकरार : विराट कोहली की विजयी पारी से लगातार दूसरी बार बनी चैंपियन

अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इसके साथ ही बेंगलुरु आईपीएल इतिहास में लगातार दो सीजन खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है।

आरसीबी ने 2025 में पहली बार आईपीएल का खिताब जीता था और अब 2026 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने खिताब का सफल बचाव किया है। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 और 2011 में, जबकि मुंबई इंडियंस ने 2019 और 2020 में लगातार दो बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी।

गुजरात ने बनाए थे 155 रन

फाइनल में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस की टीम 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 155 रन ही बना सकी। आरसीबी के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर गुजरात को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।

विराट ने दिखाई क्लास, टीम को दिलाई जीत

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत संभली हुई रही। टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर बड़े मुकाबले में अपनी उपयोगिता साबित करते हुए नाबाद 75 रन की मैच विजयी पारी खेली। उन्होंने दबाव के बीच धैर्य और आक्रामकता का शानदार मिश्रण दिखाया और टीम को जीत तक पहुंचाया।

विराट के अलावा वेंकटेश अय्यर ने 32 रन, टिम डेविड ने 24 रन और कप्तान रजत पाटीदार ने 15 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट खोकर 161 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

*इतिहास के पन्नों में दर्ज हुई आरसीबी*

लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनकर आरसीबी ने लीग के इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा लिया है। वर्षों तक ट्रॉफी का इंतजार करने वाली बेंगलुरु की टीम अब लगातार दो खिताब जीतकर आईपीएल की सबसे सफल टीमों की सूची में शामिल हो गई है।