स्कूल में छात्र को अनोखी सजा देने का आरोप, कॉपी में 100 बार लिखवाईं अश्लील गालियां; DEO ने दिए जांच के आदेश

स्कूल में छात्र को अनोखी सजा देने का आरोप, कॉपी में 100 बार लिखवाईं अश्लील गालियां; DEO ने दिए जांच के आदेश

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित एक निजी स्कूल में छात्र को दंड देने के तरीके को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दो छात्रों के बीच विवाद के बाद एक शिक्षिका ने एक छात्र से कॉपी में कई पन्नों तक अश्लील गालियां लिखवाईं। मामला अभिभावकों के सामने आने के बाद उन्होंने नाराजगी जताते हुए शिक्षिका और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामला अंबिकापुर स्थित बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका ने एक छात्र को सजा के तौर पर आपत्तिजनक शब्द बार-बार लिखने के लिए कहा। दावा है कि छात्र से मां से जुड़ी अश्लील गालियां करीब 100 बार कॉपी में लिखवाई गईं।

कॉपी देखकर अभिभावकों ने जताई नाराजगी

घटना का पता तब चला जब छात्र की कॉपी अभिभावकों के हाथ लगी। कई पन्नों पर आपत्तिजनक शब्द लिखे देखकर परिजनों ने इस तरीके पर सवाल उठाए और मामले की शिकायत की। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों के साथ छात्र संगठनों ने भी मामले की जांच कर जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

DEO ने शुरू कराई जांच

सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार झा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और जांच के लिए सहायक संचालक को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

DEO ने प्रथम दृष्टया इस तरह के दंड को अनुचित बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के साथ ऐसी गतिविधियां स्वीकार्य नहीं हैं। फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही घटना से जुड़े पूरे तथ्य और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।