बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की मौत, गैसीफायर प्लांट की भट्ठी में कूदने की आशंका; जांच शुरू

बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की मौत, गैसीफायर प्लांट की भट्ठी में कूदने की आशंका; जांच शुरू

बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार शाम एक कैदी की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह क्षेत्र निवासी राहुल कंवर उर्फ विकेश के रूप में हुई है। वह दोहरे हत्याकांड के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था।

जानकारी के मुताबिक, राहुल वर्ष 2014 से बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद था। बुधवार शाम जेल परिसर में संचालित गैसीफायर प्लांट के पास यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि कैदी प्लांट की भट्ठी में चला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और सायरन बजाकर अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।

सूचना मिलने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए।

जेल परिसर में स्थापित गैसीफायर प्लांट में लकड़ी से गैस तैयार की जाती है, जिसका इस्तेमाल कैदियों के लिए भोजन बनाने में किया जाता है।

फिलहाल कैदी की मौत के पीछे की परिस्थितियों और वह गैसीफायर प्लांट तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद घटना के कारण और किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।