कार का शीशा तोड़कर कारोबारी के 4.90 लाख रुपये की चोरी, CCTV में दिखा संदिग्ध बाइक सवार

कार का शीशा तोड़कर कारोबारी के 4.90 लाख रुपये की चोरी, CCTV में दिखा संदिग्ध बाइक सवार

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 4 लाख 90 हजार रुपये नकद चोरी करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है, जिसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी देव एग्रो इंडस्ट्रीज के संचालक हैं। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे वे घर से 4 लाख 90 हजार रुपये लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। रकम काले रंग के बैग में रखी थी, जिसे उन्हें एक पार्टी को भुगतान करना था।

सुबह करीब 9 बजे प्रमोद ने पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने कार खड़ी की और लॉक करने के बाद अपनी दूसरी बाइक से नया पारा स्थित दोस्त रितेश साहू की बारदाना दुकान चले गए। इसके बाद वे इंदिरा मार्केट की एक दुकान पर चाय पीने पहुंचे।

कुछ समय बाद उत्सव शोरूम के संचालक अमरजीत सिंह ने फोन कर प्रमोद को बताया कि उनकी कार का अगला शीशा टूटा हुआ है। प्रमोद मौके पर पहुंचे तो कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब मिला।

घटना की सूचना मिलने पर पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है। पुलिस उसकी पहचान और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आरोपी को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की जानकारी पहले से थी या उसने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।