बिरगांव, भिलाई, चरौदा, रिसाली समेत 15 निकायों में चुनाव की तैयारियां शुरू
दो नई नगर पंचायतों में भी होगा मतदान
रायपुर (चैनल इंडिया)। राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर में आज राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में आगामी दिसंबर में प्रस्तावित नगरीय निकायों के आम और उप चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रदेश की 15 नगरीय निकायों (जिनमें चार नगरपालिक निगम, पांच नगरपालिका परिषद और छह नगर पंचायत शामिल हैं, जिनका कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो रहा है) के साथ ही दो नवगठित नगर पंचायतों के आम निर्वाचन की तैयारियों एवं शासन स्तर पर की जा रही आवश्यक कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिन नगरीय निकायों में निर्वाचन प्रस्तावित हैं, उनमें नगर निगम बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा एवं रिसाली, नगरपालिका परिषद जामुल, सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा एवं खैरागढ़ तथा नगर पंचायत प्रेमनगर, मारो, कोंटा, नरहरपुर, भैरमगढ़ एवं भोपालपट्टनम शामिल हैं। इसके साथ ही नवगठित नगर पंचायत तमनार और बड़ी करेली में भी आम निर्वाचन कराया जाएगा।
आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया जारी
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. संगीता ने नगरीय निकायों के परिसीमन और आरक्षण की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 15 नगरीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों का आरक्षण पूर्ण किया जा चुका है तथा वार्ड पार्षदों के आरक्षण की प्रक्रिया जारी है। वहीं नवगठित नगर पंचायत तमनार में वार्ड आरक्षण तथा बड़ी करेली में वार्ड परिसीमन और आरक्षण की कार्रवाई प्रगति पर है। विभाग द्वारा दो वार्ड पार्षद पदों पर हुई आकस्मिक रिक्तियों की जानकारी भी बैठक में प्रस्तुत की गई।

admin 




