सीएम हाउस में देर रात चली 5 घंटे की हाई लेवल बैठक, सत्ता-संगठन ने आगामी रणनीति पर किया मंथन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रायपुर स्थित सरकारी निवास में गुरुवार देर रात सत्ता और संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। करीब पांच घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में मुख्यमंत्री के साथ राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य और भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक देर रात लगभग 2 बजे समाप्त हुई।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया जा रहा है कि प्रदेश से बाहर दौरे पर मौजूद कुछ मंत्रियों को भी बैठक में शामिल होने के लिए रायपुर बुलाया गया था। बैठक को लेकर दिनभर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर चलता रहा।
बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सत्ता और संगठन के बीच इस तरह की बैठकें नियमित रूप से आयोजित होती हैं। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को लेकर रणनीति तैयार की गई है। साथ ही मंत्रियों और विधायकों को उनके प्रभार क्षेत्रों में दौरे और जनसंपर्क गतिविधियों से जुड़ी जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
विजय शर्मा ने मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि बैठक में इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन और सरकार के बीच समन्वय तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना था।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी बैठक को नियमित समीक्षा बैठक बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। साथ ही भविष्य की रणनीति और संगठनात्मक दायित्वों पर भी मंथन हुआ।
वहीं मंत्री रामविचार नेताम ने बैठक के बाद कहा कि सभी प्रकार की अटकलें निराधार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन पूरी तरह समन्वय के साथ काम कर रहे हैं तथा प्रदेश में सब कुछ सामान्य और सुरक्षित है।
राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही इस बैठक के बाद सत्ता और संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि नेताओं ने इसे नियमित समीक्षा और रणनीतिक बैठक बताया है।

admin 




