23 जून को होगी साय कैबिनेट की बैठक, खरीफ सीजन की तैयारियों और नई तबादला नीति पर हो सकता है फैसला

23 जून को होगी साय कैबिनेट की बैठक, खरीफ सीजन की तैयारियों और नई तबादला नीति पर हो सकता है फैसला

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक 23 जून को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू होगी, जिसमें राज्य के विभिन्न प्रशासनिक और विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, मानसून की धीमी प्रगति को देखते हुए बैठक में खरीफ सीजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। धान सहित अन्य फसलों की बुआई की वर्तमान स्थिति, किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की जानकारी मंत्रिपरिषद के सामने रखी जाएगी। सरकार कृषि कार्यों को प्रभावित होने से बचाने के लिए आवश्यक निर्देश भी जारी कर सकती है।

कैबिनेट बैठक में आगामी 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों और सत्र के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले विषयों पर मंत्रिमंडल स्तर पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक में अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित प्रस्तावों और नियमों में संशोधन को मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों को लेकर नई स्थानांतरण नीति पर भी कैबिनेट की मुहर लग सकती है।

प्रशासनिक हलकों में इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कृषि, प्रशासनिक सुधार और कर्मचारी हितों से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। बैठक के बाद लिए गए निर्णयों की आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।