भाजपा में होंगे 'डिजिटल योद्धा' प्रदेश से लेकर बूथ अध्यक्ष तक तीन घंटे का करेंगे ऑनलाइन कोर्स, परीक्षा भी देंगे
रायपुर (चैनल इंडिया)। भाजपा सोशल मीडिया में लडऩे के लिए डिजिटल योद्धा तैयार कर रही है। इसके लिए सरल एप के तहत डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म बनाया गया है। जिसमें प्रदेश से लेकर बूथ तक के एक-एक कार्यकर्ता को तीन घंटे का ऑनलाइन कोर्स करना है।
इस कोर्स में संगठन की जानकारी से लेकर सोशल मीडिया में किस तरह के पोस्ट करना है, इसके तरीके बताए जाएंगे। इसके अलावा कैसे भाजपा के खिलाफ तैयार हो रहे नरेटिव का काउंटर करना है, यह भी सिखाया जाएगा। केंद्र और राज्य की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए क्या करें, इसके जवाब भी दिए जाएंगे। इस कोर्स को करने के बाद हर किसी को ऑनलाइन परीक्षा भी देनी है। परीक्षा देने वाले कार्यकर्ताओं को सर्टिफिकेट भी मिलेगा। इसकी मॉनिटरिंग राज्य और केंद्र स्तर पर हो रही है। बुधवार को सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ, प्रदेश पदाधिकारियों को नीचे स्तर तक इसे पहुंचाने का जिम्मा सौंपा गया।
भाजपा ने संगठन को डिजिटल रूप से और मजबूत बनाने के लिए कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही सरकार और संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाते हैं।

admin 




