वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 7 IFS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 7 IFS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। प्रशासनिक आवश्यकता और विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किए गए इस फेरबदल में सात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार, मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक) कांकेर राजेश कुमार चंदेल को मुख्य वन संरक्षक (समन्वय) के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक) जगदलपुर आलोक कुमार तिवारी को मुख्य वन संरक्षक (मानव संसाधन विकास एवं आईटी) की जिम्मेदारी दी गई है।

मुख्य वन संरक्षक, कार्य योजना मंडल बिलासपुर राम अवतार दुबे को क्षेत्रीय महाप्रबंधक, छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम, नया रायपुर के पद पर नियुक्त किया गया है। वन संरक्षक (प्रशासन, राजभाषा एवं समन्वय) विवेकानंद झा को प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक) कांकेर बनाया गया है।

इसी प्रकार वन उप संरक्षक (रिकॉर्ड) लक्ष्मण सिंह को प्रभारी वन संरक्षक, कार्य योजना मंडल बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है। वन्यजीव प्रबंधन से जुड़े अधिकारी स्टायलो मंगावी को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक) जगदलपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वर्ष 2021 बैच की आईएफएस अधिकारी निमला खेस्स को जिला वन अधिकारी, अनुसंधान एवं विस्तार प्रभाग रायपुर के पद पर नियुक्त किया गया है।

वन विभाग द्वारा जारी एक अन्य आदेश में अनिमेष गोवर्धन (राज्य वन सेवा), संपदा अधिकारी, कार्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, नवा रायपुर अटल नगर को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्हें आगामी आदेश तक प्रभारी वन उप संरक्षक (रोकड़), कार्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, अरण्य भवन के साथ-साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ प्रमाणीकरण समिति (सीजीसर्ट) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

वन विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रभावी संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।