रावाभाठा में संदिग्ध बम सामग्री मिलने से हड़कंप, घर से तार, केमिकल समेत आपत्तिजनक सामान बरामद
पुलिस और बम स्क्वॉड ने इलाके को घेरा
रायपुर। राजधानी के रावाभाठा इलाके में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वार्ड नंबर 13 स्थित एक मकान से संदिग्ध बम बनाने की सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।
प्रारंभिक जांच में मौके से तार, संदिग्ध केमिकल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद होने की बात कही जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ बम स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में नाकाबंदी कर पुलिस बल तैनात किया गया है। आसपास के लोगों की आवाजाही पर भी अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
बताया जा रहा है कि यह इलाका रायपुर कमिश्नरेट के नार्थ जोन के अंतर्गत आता है। पुलिस मौके से मिले संदिग्ध सामान की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सामग्री किस उद्देश्य से रखी गई थी और इसके पीछे कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।
फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।
रायपुर के रावाभाठा इलाके में संदिग्ध बम सामग्री मिलने से हड़कंप। घर से तार और केमिकल बरामद होने की सूचना के बाद पुलिस और बम स्क्वॉड मौके पर जांच में जुटे। इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई।

admin 





