आबकारी कर्मचारी से लूट: माचिस मांगने के बहाने खेत ले जाकर सोने के जेवर छीने
रायपुर। राजधानी के अभनपुर थाना क्षेत्र में देर रात लूट की वारदात सामने आई है। दो अज्ञात युवकों ने आबकारी विभाग के एक कर्मचारी को धमकाकर पास के खेत में ले जाकर उसके सोने के जेवर लूट लिए। घटना ग्राम केंद्री बस स्टॉप के पास की है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित आकाश कुमार तिवारी (38) गरियाबंद में आबकारी विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। 2 मई की रात वे ड्यूटी के बाद अपने एक मित्र के घर राजिम गए थे। वहां भोजन करने के बाद वे रात करीब 11:30 बजे रायपुर लौट रहे थे। रास्ते में ग्राम केंद्री बस स्टॉप पर कुछ देर रुककर यात्री प्रतीक्षालय में बैठ गए।
इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे अभनपुर की ओर से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पहले उन्होंने माचिस मांगी और फिर गांजा रखने का आरोप लगाकर जबरन तलाशी लेने लगे। विरोध करने पर दोनों ने तिवारी को पकड़ लिया और पास के खेत में ले गए।
खेत में आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिराकर जान से मारने की धमकी दी और उनके हाथ की दो सोने की अंगूठियां तथा गले की चेन लूट ली। लूटे गए जेवरों की कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई जा रही है। अकेले होने के कारण पीड़ित ज्यादा विरोध नहीं कर सका।
वारदात के बाद पीड़ित किसी तरह घर पहुंचा और अगले दिन 3 मई को अभनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध बाइक सवार युवकों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

admin 





