3 दिन से लापता था युवक, रावाभाठा मैदान में संदिग्ध हालत में मिली लाश

3 दिन से लापता था युवक, रावाभाठा मैदान में संदिग्ध हालत में मिली लाश

रायपुर। राजधानी रायपुर के रावाभाठा मैदान में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय पवन टंडन के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, पवन पिछले करीब तीन दिनों से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।

5 अगस्त से लापता था पवन

परिजनों ने बताया कि पवन टंडन 5 अगस्त से घर से लापता था। उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की थी। इसी दौरान शनिवार को स्थानीय लोगों ने रावाभाठा मैदान में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराई। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

प्रारंभिक जानकारी में युवक की हत्या कर शव को सीमेंट पाइप में छिपाए जाने की आशंका सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पवन की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवक के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी कड़ी को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।