पान ठेले पर मामूली विवाद के बाद युवक पर धारदार हथियार से हमला, सिर और गाल पर आई चोट
रायपुर। राजधानी रायपुर में पान ठेले पर सामान लेने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खमतराई थाना क्षेत्र में कुछ युवकों ने निजी कंपनी में काम करने वाले एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर और बाएं गाल पर चोट आई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, रामेश्वर नगर भनपुरी निवासी पवन शर्मा एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। 24 जुलाई की रात करीब 10 बजे वे दर्री तालाब के पास स्थित राजेश के पान ठेले पर पान लेने पहुंचे थे। इस दौरान वहां कुछ अन्य युवक भी सामान खरीद रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, उसने जिन सामानों की मांग की थी, उन्हें वहां मौजूद युवकों ने पहले ले लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि युवकों ने पवन के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों के साथ मौजूद एक युवक ने कथित तौर पर धारदार हथियार निकालकर पवन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और बाएं गाल पर चोट लगी। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय सोनू मानिकपुरी और पान ठेला संचालक राजेश भी मौके पर मौजूद थे। घायल पवन ने इलाज कराने के बाद खमतराई थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
खमतराई पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लेकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

admin 




