रायपुर: राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। महज ₹5,000 की उधारी रकम वापस मांगने पर दोस्तों ने ही अपने 19 वर्षीय साथी की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पैसे लौटाने के बहाने युवक को रेलवे ट्रैक पर बुलाया और वारदात को अंजाम देकर शव को पटरी पर फेंक दिया ताकि मामला हादसा लगे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 2 नाबालिगों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रेलवे ट्रैक पर मिली थी लाश
17 अगस्त 2026 की सुबह गोगांव अंडरब्रिज के पास पुरानी रेलवे लाइन पर एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मृतक की पहचान प्रीतम साहू (19 वर्ष), निवासी छोटा अशोक नगर, गुढ़ियारी के रूप में हुई।
शुरुआत में मामला ट्रेन दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन पंचनामा जांच के दौरान शरीर पर धारदार हथियार के गहरे घाव मिलने पर पुलिस ने हत्या की धारा में जांच आगे बढ़ाई।
₹5,000 की उधारी बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक प्रीतम साहू ने अपने साथी निखिल ध्रुव को ₹5,000 उधार दिए थे। निखिल द्वारा रकम नहीं लौटाने पर प्रीतम लगातार अपने पैसे मांग रहा था। 16 अगस्त की रात दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद निखिल ने एटीएम से पैसे निकालकर देने का झांसा देकर प्रीतम को रेलवे पटरी की ओर बुलाया।
साथियों के साथ मिलकर की चाकूबाजी
रेलवे ट्रैक पर पूर्व से मौजूद आरोपी निखिल ध्रुव ने अपने साथियों—दीपक साहू, नितिन प्रधान और दो नाबालिगों के साथ मिलकर प्रीतम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रीतम की मौके पर ही मौत हो गई। साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को पटरी पर छोड़ दिया और ओडिशा (टिटलागढ़) की ओर भाग निकले।
CCTV और तकनीकी जांच से दबोचे गए आरोपी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया और अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
गुढ़ियारी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
-
निखिल ध्रुव (20 वर्ष) — मुख्य आरोपी
-
दीपक साहू (22 वर्ष)
-
नितिन प्रधान उर्फ सोमू (21 वर्ष)
-
दो विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)