मशीनरी के डिब्बों के नीचे छिपाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था 3 करोड़ का गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य का 600 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। तस्कर गांजे को मशीनरी सामान के कार्टूनों के नीचे छिपाकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन, मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 3.12 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय मार्गों पर लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक लाल रंग की टाटा माजदा वाहन में कंपनी के सामान की आड़ में भारी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के मुरमुरी चौक में विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपनी पहचान महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ निवासी 65 वर्षीय महबूब बादशाह शेख के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान वाहन में रखे मशीनरी उपकरणों के बड़े कार्टूनों और अन्य सामान के नीचे तथा पीछे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियां बरामद की गईं। प्रत्येक बोरी में 25-25 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। इस प्रकार कुल 600 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजे की खेप ओडिशा के बौद्ध जिले से महाराष्ट्र के ठाणे तक पहुंचाने जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
तस्करों ने वाहन को काले रंग की तिरपाल से ढंक रखा था, ताकि बाहर से देखने पर यह सामान्य मालवाहक वाहन प्रतीत हो। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर कानून से बचने की कोशिश कर रहे हैं। हाल के दिनों में एंबुलेंस, मूवर्स एंड पैकर्स वाहन, ट्रक, ट्रेवल्स बसों और गुप्त चौंबर वाले वाहनों के जरिए भी तस्करी के मामले सामने आए हैं।
उल्लेखनीय है कि महासमुंद पुलिस ने हाल ही में 8 मई को एंबुलेंस से 77 किलोग्राम गांजा जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं 7 मई को एक पिकअप वाहन से 1.14 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा बरामद कर दो तस्करों को पकड़ा गया था। लगातार कार्रवाई के बीच 600 किलोग्राम गांजे की यह बरामदगी जिले की सबसे बड़ी मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।

admin 




