जहां जाते हैं राहुल गांधी, वहां पार्टी का होता है बुरा हश्र: सीएम साय
रायपुर (चैनल इंडिया)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। यहां वे कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे। राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर तीखे बयान दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कहा कि, राहुल गांधी जहां-जहां जाते हैं, वहां का हश्र क्या होता है, यह पूरा देश जानता है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता लगातार कांग्रेस को नकार रही है और पार्टी का जनाधार लगातार कमजोर होता जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के लिए लगाए गए डोम से जुड़े कथित फर्जीवाड़े के आरोपों पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, आरोप लगाने वालों को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में प्रदेश में कई घोटाले हुए और छत्तीसगढ़ को लूटने का काम किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसी वजह से कुछ लोग जेल में हैं, कुछ लोग बेल पर हैं और कुछ जेल जाने की तैयारी में हैं।

admin 




