तमिलनाडु में सीएम विजय का बड़ा फैसला, 717 शराब दुकानों को बंद करने के आदेश से मचा राजनीतिक हलचल

तमिलनाडु में सीएम विजय का बड़ा फैसला, 717 शराब दुकानों को बंद करने के आदेश से मचा राजनीतिक हलचल

चेन्नई। तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पदभार संभालते ही अपना पहला बड़ा और चर्चित फैसला लेते हुए राज्यभर में संचालित 717 शराब दुकानों को बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

मंगलवार को अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सीएम विजय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रही शराब दुकानों को तत्काल बंद किया जाए। बताया जा रहा है कि विशेष सर्वे के बाद उन दुकानों की सूची तैयार की गई, जो मंदिर, मस्जिद, चर्च, स्कूल, कॉलेज और बस स्टैंड जैसे संवेदनशील स्थानों से 500 मीटर के दायरे में संचालित हो रही थीं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को 14 दिनों के भीतर इन दुकानों को बंद कराने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले को सरकार की सख्त प्रशासनिक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन (TASMAC) वर्तमान में राज्य में 4,765 शराब दुकानों का संचालन कर रहा है। जांच के दौरान सामने आया कि 276 दुकानें धार्मिक स्थलों के पास, 186 दुकानें स्कूल और कॉलेजों के नजदीक, जबकि 255 दुकानें बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में संचालित हो रही थीं।

इन दुकानों को हटाने की मांग लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही थी। खासकर महिलाओं, अभिभावकों और छात्रों ने इस फैसले का स्वागत किया है और इसे सामाजिक सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

इस बीच मलेशिया के प्रधानमंत्री Anwar Ibrahim ने भी मुख्यमंत्री विजय को खास अंदाज में बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दुनिया ने विजय को फिल्मों में कुछ घंटों में विलेन को हराते देखा है, लेकिन अब जनता ने उन्हें वास्तविक नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विजय को अपना मित्र बताते हुए इसे “ओरु विरल पुरत्ची” यानी “एक उंगली की क्रांति” करार दिया।

छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur और Bhilai में भी तमिल समुदाय और विजय के समर्थकों के बीच इस फैसले की चर्चा जोरों पर है। टाटीबंध और सेक्टर इलाकों में रहने वाले तमिल समाज के लोगों ने इसे “थलापति” विजय के राजनीतिक सफर की मजबूत शुरुआत बताया है।