तेज आंधी-बारिश से बदला मौसम का मिजाज, लोगों को गर्मी से राहत
Weather Update
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि कई इलाकों में आंधी के कारण पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटनाएं भी सामने आईं। देर रात तक कई क्षेत्रों में बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं पूर्वी राजस्थान से पूर्वी झारखंड तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक एक द्रोणिका विस्तारित है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रविवार को भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ की स्थिति बन सकती है। साथ ही बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि प्रदेश के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
रायपुर शहर के लिए जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को आसमान में बादल छाए रहने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

admin 





