रायपुर से नागपुर तक विशेष अभियान : दुरंतो एक्सप्रेस में मिला 1.96 करोड़ का विदेशी सोना,2 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर से नागपुर तक विशेष अभियान : दुरंतो एक्सप्रेस में मिला 1.96 करोड़ का विदेशी सोना,2 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर/रायपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के साथ मिलकर हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में विदेशी सोने की तस्करी का खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने ट्रेन के B-12 कोच से दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ। इसमें 7 सोने के बिस्किट और 1 सोने की छड़ शामिल है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपए बताई गई है।

रायपुर से नागपुर तक चलाया गया जांच अभियान

आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को सूचना मिली थी कि 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नागपुर क्राइम ब्रांच ने रायपुर टीम को जानकारी दी। इसके बाद डीआरआई नागपुर की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई।

टीम ने रायपुर से नागपुर तक ट्रेन में सघन जांच और निगरानी शुरू की। इस दौरान भंडारा और नागपुर के बीच B-12 कोच में दोनों संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी में विदेशी सोना बरामद हुआ।

Customs Act के तहत मामला दर्ज

आरपीएफ ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को बरामद सोने सहित डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया। दोनों के खिलाफ Customs Act, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच डीआरआई नागपुर द्वारा की जा रही है।

आरपीएफ की सतर्कता से पकड़ी तस्करी

कार्रवाई में आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम की सतर्कता, त्वरित सूचना साझा करने और आपसी समन्वय की अहम भूमिका रही। आरपीएफ द्वारा ट्रेनों और रेलवे परिसरों के माध्यम से अवैध एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं।