15 अगस्त समारोह के लिए रायपुर में ट्रैफिक प्लान: पासधारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग, बिना पास वालों के वाहन सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में होंगे पार्क

15 अगस्त समारोह के लिए रायपुर में ट्रैफिक प्लान: पासधारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग, बिना पास वालों के वाहन सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में होंगे पार्क

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर रायपुर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था जारी कर दी है। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। समारोह में बड़ी संख्या में अतिथियों, विद्यार्थियों, प्रतिभागियों और आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट, डायवर्सन और पार्किंग की व्यवस्था तय की है।

पास के रंग के हिसाब से पार्किंग

लाल कार पास: PWD चौक से छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस, PWD कॉलोनी, MT वर्क्स शॉप गेट और वायरलेस ऑफिस के सामने से होकर मंच के पीछे VIP पार्किंग तक पहुंच सकेंगे।

हरा कार पास: PWD चौक से छत्तीसगढ़ कॉलेज, कुंदन पैलेस और RI गेट चौक होते हुए सेंट पॉल स्कूल पार्किंग में वाहन खड़ा करना होगा।

बिना पास वाले वाहन: ऐसे वाहनों के लिए सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में पार्किंग रहेगी। यहां वाहन पार्क करने के बाद लोग RI गेट से पैदल पुलिस लाइन में प्रवेश कर दर्शक दीर्घा तक पहुंचेंगे।

स्कूल बसों के लिए अलग व्यवस्था

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को लेकर आने वाली स्कूल बसें पुलिस लाइन के पीछे स्थित धमतरी गेट से प्रवेश करेंगी। हेलीपेड के पास विद्यार्थियों को उतारने के बाद बसों को स्केटिंग ग्राउंड के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा किया जाएगा।

इन रास्तों से प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

समारोह के दौरान पेंशनबाड़ा चौक, PWD चौक और महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर केवल अधिकृत वाहन, परेड में शामिल वाहन और कार्यक्रम में आने वाले निर्धारित वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे। सामान्य यातायात को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के आसपास मुख्य और संपर्क मार्गों पर सड़क किनारे वाहन पार्क करने पर भी रोक लगाई है। निर्धारित पार्किंग के अलावा वाहन खड़ा करने पर यातायात पुलिस कार्रवाई करेगी।

मीडिया की OB वैन के लिए भी पार्किंग तय

मीडिया की OB वैन धमतरी गेट से पुलिस लाइन में प्रवेश करेगी और हेलीपेड के बगल में निर्धारित स्थान पर पार्क की जाएगी।

परेड ग्राउंड में ये सामान ले जाना प्रतिबंधित

सुरक्षा के मद्देनजर परेड ग्राउंड में शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, छाता, बोर्ड, वाद्य यंत्र, हथियार, पटाखे, चाकू, कटार, तलवार, कैंची, ब्लेड, धारदार वस्तुएं, गुब्बारे, गेंद, लकड़ी की लाठी, हॉकी स्टिक, प्रचार सामग्री, लाउड हैलर, हॉर्न, रेडियो और पालतू जानवर ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।

समय से पहले निकलने की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे समारोह में आने के लिए समय से पहले घर से निकलें और निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें। बैरिकेड और डायवर्सन का पालन करें तथा VIP मार्ग में अनावश्यक रूप से वाहन न ले जाएं। पार्किंग स्थल से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचने की व्यवस्था का उपयोग करें।

यातायात पुलिस ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अतिथियों, विद्यार्थियों, प्रतिभागियों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।