बिलासपुर: बिलासपुर के उसलापुर स्थित सागरदीप कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 6 लाख 15 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दिए। पीड़िता तीजा पर्व मनाने अपने पैतृक गांव रीवा गई हुई थीं, इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने कमरे का दरवाजा खोलकर अलमारी का ताला तोड़ा और वारदात को अंजाम दिया। रीवा से वापस लौटने पर पीड़िता को चोरी का पता चला, जिसके बाद सकरी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
तीजा मनाने गांव गई थी महिला, नाती ने फोन पर दी चोरी की जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उसलापुर के सागरदीप कॉलोनी निवासी 62 वर्षीया बिन्द्रावती मिश्रा तीजा त्योहार मनाने अपने पैतृक गांव रीवा गई थीं। घर में उनका बेटा आशीष मिश्रा अकेला था। शिकायत के मुताबिक, 25 और 26 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर घर के भीतर दाखिल हुए और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर बहुमूल्य आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के कुछ दिन बाद महिला के नाती अभिमान द्विवेदी ने 29 सितंबर को फोन कर उन्हें घर में चोरी होने की सूचना दी, जिसके बाद पीड़िता आनन-फानन में वापस लौटीं।
अलमारी का ताला टूटा मिला, 6 लाख से अधिक का सामान गायब
पीड़िता 3 अक्टूबर को रीवा से वापस अपने उसलापुर स्थित घर पहुंचीं। घर के भीतर जाकर देखने पर कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और अलमारी का ताला टूटा पड़ा था। अलमारी में रखे सामान की जांच करने पर सोने का एक हार, एक जोड़ी झुमका, मांग टीका, नथ, दो लेडीज अंगूठी और एक जेंट्स अंगूठी गायब मिली। इसके अलावा चांदी की दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी पायजेब, करधन, तीन जोड़ी बिछिया तथा 12 हजार रुपये नकद गायब थे। पीड़िता ने चोरी हुए कुल आभूषणों और नकदी की कीमत लगभग 6 लाख 15 हजार रुपये बताई है।
सकरी पुलिस ने दर्ज किया मामला, आसपास के CCTV खंगालने में जुटी टीम
पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर सकरी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की एक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वारदात के समय संदिग्धों की आवाजाही का सुराग मिल सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।