रायपुर में ओवरब्रिज के नीचे गांजा बेचने की थी तैयारी, महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरस्वती नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.200 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 10 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कुकुरबेड़ा ओवरब्रिज के नीचे दो लोग गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में खड़े होने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद थैले से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम चिन्ना यादव और तनुजा देवार बताया। दोनों देवार बस्ती, कुकुरबेड़ा के रहने वाले हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 104/26 के तहत धारा 20 (बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन संदीप पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस अधीक्षक आजाद चौक ईशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना सरस्वती नगर पुलिस टीम द्वारा की गई।

admin 





